हरदा: कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के नेतृत्व में व्यापारियों ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन और एसपी शशांक को ज्ञापन सौंपकर शहर की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। व्यापारियों ने अनावश्यक पुलिस नाकेबंदी, अघोषित बिजली कटौती और बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की मांग की।
जिलाध्यक्ष सरगम जैन ने कहा कि शहर के प्रवेश मार्गों पर लगातार सघन चेकिंग और बार-बार चालान कार्रवाई से किसानों, मजदूरों और ग्रामीण उपभोक्ताओं में भय का माहौल बन रहा है, जिससे बाजार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का दावा है कि कारोबार में करीब 40 प्रतिशत तक गिरावट आई है।
ज्ञापन में 45 डिग्री तापमान के बीच घंटों हो रही अघोषित बिजली कटौती पर भी चिंता जताई गई। वहीं घंटाघर, बस स्टैंड, नया बाजार और सब्जी मंडी सहित कई स्थानों पर रोज लगने वाले जाम को लेकर स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था की मांग की गई।
