सतना: जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरहटा मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के पीछे एक पानी से भरी खदान में डूबने से 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बताया गया कि यह खदान नहर निर्माण के दौरान खोदी गई थी। जिसके बाद उसे ऐसे ही छोड़ दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालिका की पहचान रितिका सपेरा (7) पिता प्रदीप सपेरा के रूप में हुई।
घटना के समय उसकी मां सरिता सपेरा अपनी छोटी बेटी का इलाज कराने उचेहरा अस्पताल गई हुई थीं। रितिका घर पर अकेली थी और खेलते-खेलते खदान के पास पहुंच गई, जहां वह गहरे पानी में गिर गई।स्थानीय लोगों ने बच्ची को खदान से बाहर निकाला और तत्काल उचेहरा अस्पताल पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नहर निर्माण के दौरान खोदी गई गहरी खदानों को खुला छोड़ दिया गया है। बारिश का पानी भर जाने से इन खदानों में लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने खदानों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों व एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
