सूने मकानों से मंदिर तक चोरों ने दी दस्तक, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश

इंदौर: शहर में अज्ञात बदमाशों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मकानों के ताले तोड़कर सोने चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली. तिलक नगर, कनाड़िया और बाणगंगा में घरों को निशाना बनाया, वहीं द्वारकापुरी स्थित शीतलनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर से बदमाश दान पेटी, उसमें रखी नकदी और चांदी के सिक्के चुरा ले गए. संबंधित मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है.तिलक नगर थाना क्षेत्र के परिचारिका नगर स्थित ग्रीन लैंड अपार्टमेंट में बदमाशों ने एक फ्लैट को निशाना बनाया। कुसुम गुप्ता के घर में रखी अलमारी का ताला तोड़कर बदमाश चांदी की तीन जोड़ी पायल, गणेशजी की चांदी की मूर्ति, चांदी के 10 सिक्के, दो चांदी की चेन, ब्रेसलेट, बिछिया, नाक की लौंग, सोने की नथ, कान की बालियां और मंगलसूत्र सहित अन्य जेवर चुरा ले गए. फरियादी की बहू अंजली के कमरे में रखी चांदी की पायल, सोने के टॉप्स और अंगूठी के साथ करीब 85 हजार रुपए नकद भी चोरी हुए हैं.

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इसी तरह की एक घटना कनाड़िया थाना क्षेत्र के ईएनआर स्टेट में बदमाशों ने एक मकान का ताला तोड़कर चोरी की. मौनिका कर्नावट के घर में घुसे बदमाश अलमारी का ताला तोड़कर सोने के दो जोड़ी टॉप्स, दो पेंडल और डायमंड लगा एक अन्य सोने का पेंडल ले गए. इसके अलावा तीन आर्टिफिशियल कुंदन घड़ियां, लेपक्रॉन कंपनी का नेकलेस और कान के टॉप्स भी चोरी हुए. दूसरे कमरे में रखी रोलेक्स कंपनी की घड़ी और करीब 70 से 80 हजार रुपए नकद भी गायब मिले, पुलिस मामले की जांच कर रही है. एक अन्य मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र में अरविंदो अस्पताल के पीछे बरदरी स्थित पटेल कॉलोनी में भी चोरी की वारदात सामने आई है.

इंद्रानी खिरोडकर के घर के मुख्य गेट और बाहर लगे लोहे के गेट का ताला टूटा मिला. अंदर जाकर देखने पर कमरे में रखी अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था. जांच करने पर एक सोने की अंगूठी, सोने की एक जोड़ी बालियां, पेंडल, चेन, चांदी के कड़े, पायल और पांच हजार रुपए नकद गायब मिले. पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. जबकि द्वारकापुरी मेन रोड स्थित शीतलनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर को भी बदमाशों ने निशाना बनाया. मंदिर ट्रस्ट से जुड़े चेतन भंडारी की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया है. अज्ञात बदमाश मंदिर की दान पेटी में रखे करीब तीन महीने के दान की राशि, चांदी के सिक्के और अन्य सामग्री के साथ एक छोटी दान पेटी भी चुरा ले गए. पुलिस मंदिर से चोरी हुए सामान और दान राशि का पता लगाने में जुटी है.

Next Post

वर्क फ्रॉम होम और मोबाइल हैक कर 3.25 लाख की ठगी, 3 एफआईआर

Tue Oct 13 , 2026
जबलपुर: शहर में वर्क फ्रॉम होम के नाम पर फर्जी नौकरियां देने और मोबाइल हैक कर बैंक खाते साफ करने वाले गिरोह सक्रिय हो गए हैं। शातिर साइबर अपराधियों ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को अपना शिकार बनाते हुए करीब 3 लाख 25 हजार 747 […]

You May Like

Play sound