तिरपाल खोलते समय हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया ट्रक ड्राइवर, मौके पर मौत

छतरपुर। शहर के ईशानगर रोड स्थित आर्मी कैंट के पास एक दर्दनाक हादसे में ट्रक ड्राइवर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक ग्राम सलेहा का निवासी बताया जा रहा है, जो सीमेंट लेकर नौगांव के एक व्यापारी के वेयरहाउस पर पहुंचा था।

घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। ड्राइवर ट्रक के ऊपर चढ़कर सीमेंट उतारने से पहले तिरपाल खोल रहा था, तभी ट्रक के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसका शरीर करीब 40 प्रतिशत तक जल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही नौगांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। विद्युत विभाग को सूचित कर तत्काल लाइन की सप्लाई बंद कराई गई, जिससे बड़ा हादसा टल सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Next Post

गोवर्धन टॉकीज के पास शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, दुकान में हड़कंप

Wed Apr 1 , 2026
छतरपुर। नगर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में गोवर्धन टॉकीज के पास स्थित एक दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। यह घटना 1 अप्रैल की सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है, जब उजाल और पॉलिश-सिलाई की दुकान से अचानक धुआं और आग की […]

You May Like

मनोरंजन