खरगे के बयान ने छात्रों के प्रति संवेदनशील होने के कांग्रेस के पाखंड को किया उजागर-भाजपा

नयी दिल्ली 03 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पेपर लीक और इस्तीफे के मुद्दे पर कर्नाटक सरकार के गृहमंत्री प्रियांक खरगे के बयान की निंदा करते हुए कहा है कि यह छात्रों के प्रति संवेदनशील होने के कांग्रेस के पाखंड को उजागर करता है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी श्री खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा जो कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के मुद्दे पर खुद को विद्यार्थियों की हितैषी बता रही थी, अब बेनकाब हो गयी है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार में मंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पुत्र प्रियांक खरगे ने कर्नाटक में पशु चिकित्सा प्रवेश परीक्षा और पुलिस भर्ती परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को लेकर एक असंवेदनशील और बेहद निंदनीय बयान दिया।

उन्होंने (श्री खरगे) ने कहा कि अगर आप मेरे इस्तीफे की मांग करना चाहते हैं, तो पहले 25 दिन की भूख हड़ताल करें और लाठीचार्ज का सामना करें। उसके बाद ही मुझसे इस्तीफे के बारे में बात करें।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि श्री खरगे का यह बयान विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील होने के कांग्रेस के दावों के पीछे छिपे पाखंड को उजागर करता है। इससे पता चलता है कि विद्यार्थियों के हितों के लिए खड़े होने का दावा करने के बावजूद कांग्रेस ने किस हद तक छात्र-विरोधी रवैया अपनाया है।

श्री त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा श्री खरगे के बयान की निंदा करती है और छात्रों को उनके हितों के नाम पर की जा रही राजनीति से सावधान करती है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में इन परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों और उम्मीदवारों के साथ हुए अन्याय का समाधान किया जाना चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

 

Next Post

केंद्र सरकार योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध: अठावले

Mon Aug 3 , 2026
जयपुर 03 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री अठावले सोमवार को जयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता को […]

You May Like