शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर मनाया गया सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र नीमच का 59वां स्थापना दिवस

नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की जन्मस्थली नीमच स्थित ग्रुप केंद्र में शनिवार को 59वां स्थापना दिवस श्रद्धा, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अमर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया गया।

उप महानिरीक्षक श्री सुरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में ऐतिहासिक शौर्य स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया। श्रद्धांजलि समारोह में ग्रुप केंद्र के अधिकारियों एवं जवानों ने अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात वीर शहीदों को सलामी दी गई और देशभक्ति से ओतप्रोत पारंपरिक गीत ‘वतन की राह में वतन के नौजवान शहीद हों’ का सामूहिक गायन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सरदार पोस्ट से लाई गई पावन मिट्टी से भरे कलश पर अधिकारियों एवं जवानों ने माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर राष्ट्ररक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

उल्लेखनीय है कि 1 अगस्त 1968 को सीआरपीएफ की जन्मस्थली नीमच में ग्रुप केंद्र की स्थापना हुई थी। स्थापना के 59 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बल की गौरवशाली परंपराओं, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया गया। देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति व्यवस्था एवं राष्ट्रीय एकता की रक्षा में सीआरपीएफ की उल्लेखनीय भूमिका का स्मरण करते हुए अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ग्रुप केंद्र के सभी मैस में परंपरानुसार ‘बड़ा खाना’ का आयोजन भी किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं जवानों ने सहभागिता की।

Next Post

नेबूहा से नेपाल तक पहुंची ग्रेनाइट की पहचान, 6 हजार पौधों का संकल्प

Sun Aug 2 , 2026
मझौली । जिले के मझौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम नेबूहा स्थित सिद्धिदात्री मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड ने रविवार को वृहद वृक्षारोपण एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में सीधी सांसद डॉ.राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि तथा धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम […]

You May Like