नेबूहा से नेपाल तक पहुंची ग्रेनाइट की पहचान, 6 हजार पौधों का संकल्प

मझौली । जिले के मझौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम नेबूहा स्थित सिद्धिदात्री मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड ने रविवार को वृहद वृक्षारोपण एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।

इस कार्यक्रम में सीधी सांसद डॉ.राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि तथा धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कलेक्टर विकास मिश्रा, एसडीएम संजीव पाण्डेय, तहसीलदार दिलीप सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। कम्पनी के डायरेक्टर पुष्पराज सिंह और प्रतीक सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। सभी अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। डायरेक्टर पुष्पराज सिंह ने बताया कि कम्पनी ने वर्ष 2015 में यहां कार्य प्रारंभ किया और 2019 से ग्रेनाइट खनन के क्षेत्र में सक्रिय है। वर्ष 2025 में अत्याधुनिक ग्रेनाइट कटिंग एवं पॉलिशिंग यूनिट की स्थापना के बाद सीधी के अलावा छतरपुर, पन्ना, सिंगरौली और छत्तीसगढ़ से भी ग्रेनाइट लाकर प्रोसेसिंग की जा रही है। अब तक लगभग 230 घनमीटर ग्रेनाइट का खनन किया जा चुका है और कम्पनी के माध्यम से सैकड़ों स्थानीय लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने बताया कि नेबूहा का ग्रेनाइट अब नेपाल तक पहुंच चुका है। पर्यावरण संरक्षण के तहत 6 हजार पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में करीब 200 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयां भी वितरित कीं। सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत कम्पनी ने 320 विद्यार्थियों को स्कूल बैग, 100 लोगों को छाते, 120 परिवारों को मच्छरदानियां तथा 10 यूपीएससी अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षा किट प्रदान की। साथ ही 10 मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का संपूर्ण खर्च वहन करने की घोषणा भी की।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने कम्पनी के प्लांट का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य शिविर का जायजा लिया। उन्होंने उपचार कराने पहुंचे लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष के.के.तिवारी, पूर्व नपा अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह मुन्नू, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष प्रवीण तिवारी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष लवकेश सिंह, जिपं सदस्य कृष्णलाल पयासी छोटू, नायब तहसीलदार मनोज तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शत्रुघ्न तिवारी ने किया, जबकि सुरक्षा व्यवस्था थाना प्रभारी विशाल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने संभाली।

००

क्षेत्र को विकास और रोजगार का नया आधार: डॉ.राजेश

सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि नेबूहा की धरती ने क्षेत्र को विकास और रोजगार का नया आधार दिया है। उन्होंने कम्पनी द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों की मेहनत और पत्थरों की सही पहचान ने आज इस उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

००

नेबूहा का ग्रेनाइट बनेगा प्रदेश की पहचान: टेकाम

धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि नेबूहा की धरती का ग्रेनाइट प्रदेश की नई पहचान बनेगा और इससे क्षेत्र में रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। उन्होंने जिले में बनने वाले शासकीय भवनों में स्थानीय स्तर पर तैयार ग्रेनाइट एवं टाइल्स के उपयोग को प्राथमिकता देने की मांग की। उन्होंने पुष्पराज सिंह को विंध्य का पत्थर तराशने वाला शिल्पी बताते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

०००००००

Next Post

नीमच में सीबीएन की बड़ी कार्रवाई ! दो मामलों में बड़ी मात्रा में डोडाचूरा की खेप बरामद, तस्कर फरार

Sun Aug 2 , 2026
नीमच। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सतत अभियान में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), मध्य प्रदेश इकाई ने नीमच क्षेत्र में दो अलग-अलग खुफिया सूचना आधारित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम, 1985 […]

You May Like