सीहोर। अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व इस वर्ष भी छावनी दशहरा उत्सव समिति द्वारा आस्था और उत्साह के साथ मनाया जाएगा.
नगर के बाल विहार मैदान में आयोजित होने वाले दशहरा उत्सव के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. आयोजन की रूपरेखा को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तथा समिति के मुख्य संरक्षक जसपाल सिंह अरोरा की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई.
बैठक में अरोरा ने कहा कि विजयादशमी का पर्व धर्म की विजय का संदेश देता है और हमें सदैव सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है. समिति द्वारा हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी भव्य आयोजन किया जाएगा. उत्सव में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया जाएगा. वहीं मुंबई के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली भव्य आतिशबाजी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी. इसके साथ भगवान श्रीराम की राम बारात भी निकाली जाएगी. राम बारात के जरिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश दिया जाएगा. बैठक में पूर्व पार्षद आशीष गेहलोत को सर्वसम्मति से समिति का अध्यक्ष, विनीत गोयल को महामंत्री और विशाल सेन को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया. राम बारात चल समारोह के अध्यक्ष की जि मेदारी संतोष राठौर को सौंपी गई. मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि बारिश की संभावना को देखते हुए पुतलों को सुरक्षित रखने के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं. रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों को रेनकोट से सुरक्षित किया जाएगा. समिति द्वारा 16 सितंबर को बाल विहार मैदान में भूमि पूजन किया जाएगा.
