इंदौर: खजराना पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स की तस्करी करने वाले 49 वर्षीय आरोपी इकबाल उर्फ फटा खान को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 10 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी कीमत एक लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है. पुलिस आरोपी से ड्रग्स के सप्लायर और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है.
एडिसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि दरगाह के पीछे स्कीम नंबर 134 स्थित गार्डन में संदिग्ध युवक के होने की सूचना पर टीम ने घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया. तलाशी में उसके पास से 10 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स मिली. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इकबाल उर्फ फटा खान निवासी नाहरशाह वली दरगाह मैदान, खजराना बताया.
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्वयं एमडी ड्रग्स का नशा करने का आदी है. नशे की लत पूरी करने और जल्दी पैसे कमाने के लालच में वह कम कीमत पर ड्रग्स खरीदकर अधिक कीमत पर बेचता था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड पर लेकर उससे ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है
