कोलंबो, 07 फरवरी (वार्ता) सलमान मिर्जा (तीन विकेट) की अगुवाई गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद साहिबजादा फरहान (47 ) और फहीम अशरफ (29 ) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने शनिवार को टी-20 विश्वकप के कड़े संघर्षपूर्ण मुकाबले में नीदरलैंड पर तीन गेंदे शेष रहते तीन विकेट से जीत दर्ज की।
148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में सैम अयूब 13 गेंदों में (24) का विकेट गंवा दिया। उन्हें आर्यन दत्त ने आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान आगा सलमान ने साहिबजादा फरहान के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान पांचवें ओवर में आर्यन दत्त ने आगा सलमान (12) का शिकार कर लिया।
एक समय जब ऐसा लगा रहा था कि पाकिस्तान यह मैच आसानी से जीत लेगा लेकिन 12वें ओवर में पॉल वैन मीकरेन ने पहली ही गेंद पर साहिबजादा फरहान को आउटकर पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया। साहिबजादा फरहान ने 31 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए 47 रनों की पारी खेली। इसी ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने उस्मान ख्वाजा (शून्य) को भी पवेलियन भेज दिया। अगले ओवर में रुलॉफ वैन डर मर्व ने बाबर आजम (15) का भी शिकार कर पाकिस्तान को संकट में डाल दिया।
16वें ओवर में में काइल क्लीन ने मोहम्मद नवाज (छह) को आउटकर दिया। अगले ही ओवर की पहली गेंद पर लोगन वैन बीक ने शादाब खान (आठ) को चलता कर दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये फहीम अशरफ ने मोर्चा संभाला और 19वें ओवर में तीन छक्के और एक चौका लगाकर पाकिस्तान की जीत सुनिश्चित की। पाकिस्तान ने 19.3 ओवर में 148 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। फहीम अशरफ ने 11 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 29 रनों की पारी खेली। शाहीन शाह अफरीदी पांच रन बनाकर नाबाद रहे।
नीदरलैंड के लिए आर्यन दत्त और पॉल वैन मीकरेन ने दो-दो विकेट लिये। लोगन वैन बीक, काइल क्लीन और रुलॉफ वैन डर मर्व ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण के आगे 19.5 ओवरों में 147 रन के स्कोर पर सिमट गई। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने 29 गेंदों में (37), बास डलीडे 25 गेंदों में (30), माइकल लेविट 15 गेंदों में (24), कॉलिन ऐकरमैन 14 गेंदों में (20) और आर्यन दत्त ने आठ गेंदों में 13 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण के आगे नीदरलैंड के छह बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच सके।
पाकिस्तान के लिए सलमान मिर्जा ने तीन विकेट लिये। मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद और सैम अयूब को दो-दो विकेट मिले। शाहीन शाह अफरीदी ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
