भिलाई औद्योगिक क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत, मुआवजे को लेकर श्रमिकों का हंगामा

दुर्ग, 07 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ में दुर्ग जिले के भिलाई के हैवी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्री साईं इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में काम के दौरान एक मजदूर की करंट लगने से आज मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मजदूर फैक्ट्री परिसर में नियमित कार्य कर रहा था।

अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया, जिसके बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी श्रमिकों ने तत्काल प्रबंधन को इसकी सूचना दी, लेकिन मजदूर की जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के बाद आक्रोशित श्रमिकों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया।

सूचना पर भिलाई 3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की पुष्टि की जा रही है, हालांकि पुलिस फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों और घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस श्रमिकों को समझाइश दे रही है और फैक्ट्री प्रबंधन से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Next Post

अमेरिका ने भारत पर लगाया गया 25 प्रतिशत दंडात्मक आयात शुल्क हटाया

Sat Feb 7 , 2026
वॉशिंगटन, 07 फरवरी (वार्ता) अमेरिका ने रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए पिछले साल अगस्त में भारत पर लगाया गया 25 प्रतिशत दंडात्मक आयात शुल्क हटा लिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 06 फरवरी को इस संबंध में एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किया। यह आदेश 07 फरवरी से […]

You May Like