
छतरपुर। सिटी कोतवाली में तैनात आरक्षक राजेश सिंह बागरी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक छात्र का साल बचा लिया। छात्र गलती से गलत परीक्षा केंद्र पहुंच गया था और समय कम होने से घबराया हुआ था।
स्थिति की गंभीरता समझते हुए आरक्षक ने अपनी ड्यूटी साथी महिला आरक्षक को सौंपी और छात्र को बाइक से करीब 4 किलोमीटर दूर स्थित सही परीक्षा केंद्र तक मात्र 5 मिनट में पहुंचा दिया, जिससे उसे परीक्षा में प्रवेश मिल गया।
आरक्षक राजेश सिंह बागरी ने कहा कि छात्र की घबराहट देखकर उन्हें लगा कि उसका साल बचाना सबसे जरूरी है और उन्होंने सिर्फ अपना फर्ज निभाया है। सहायक केंद्राध्यक्ष सरिता चौरसिया ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ड्यूटी के कारण स्टाफ बाहर नहीं जा सकता था, ऐसे में आरक्षक की मदद से छात्र समय पर परीक्षा दे सका।
घटना के बाद मौके पर मौजूद अभिभावकों, समाजसेवियों और पत्रकारों ने इस ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ की सराहना करते हुए आरक्षक को विभागीय सम्मान देने की मांग की है।
