भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास, इंग्लैंड में जीती सीरीज

मैनचेस्टर, 10 जुलाई (वार्ता) राधा यादव और श्री चरणी (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद स्मृति मंधाना (32) और शेफाली वर्मा (31) की शानदार पारियों की मदद से भारतीय महिला टीम ने चौथे टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड को 18 गेंदे शेष रहते छह विकेट से हरा दिया। इसी के साथ भारतीय टीम ने पांच मैचों की श्रृंखला में 3-1 से अजेय बढ़त बना ली है। राधा यादव को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
बुधवार देर रात खेले गये मुकाबले में इंग्लैंड के 127 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। सातवें ओवर में शार्लेट डीन ने शेफाली वर्मा (19 गेंदो में 31 रन) को आउट इंग्लैंड को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी जेमिमाह रॉड्रिग्स ने मंधाना के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। नौवें ओवर में सोफी एक्लस्टोन ने स्मृति मंधाना (31 गेंदों में 32 रन) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। भारत का तीसरा विकेट कप्तान हरमनप्रीत कौर (26) रन के रूप में गिरा। अमनजोत कौर (दो) रनआउट हुई। भारतीय टीम ने 17 ओवर में चार विकेट पर 127 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से जीत लिया। जेमिमाह रॉड्रिग्स (22) और ऋचा घोष सात रन बनाकर नाबाद रही। इंग्लैंड की ओर से शार्लेट डीन, सोफी एक्लस्टोन और इसी वॉन्ग ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले इंग्लैंड की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 126 रनों का स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 21 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट डेनियल वायट (पांच) के रूप में गंवा दिया। उन्हें श्री चरणी ने अरुंधति के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने लिए सोफिया डंकली (22) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। टैमी बोमॉन्ट (20) को राधा यादव ने तथा ऐलिस कैप्सी (18) को श्री चरणी ने पगबाधा आउट किया। एमी जोंस (नौ), पेज स्कोफील्ड (16) और शार्लेट डीन (चार) रन बनाकर आउट हुई। सोफी एक्लस्टोन (16) और इसी वॉन्ग 11 रन बनाकर नाबाद रही।
भारत की ओर से राधा यादव और श्री चरणी ने दो-दो विकेट लिये। अमनजोत कौर और दीप्ति शर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

अमेरिका से नए शुल्क मसले पर वार्ता करेगा मेक्सिको

Thu Jul 10 , 2025
मेक्सिको सिटी, 10 जुलाई (वार्ता) मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने कहा है कि मेक्सिको का एक प्रतिनिधिमंडल अगले सप्ताह वाशिंगटन में अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात कर नए व्यापार शुल्कों पर बातचीत कर बेहतर समाधान का प्रयास करेगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए आयात शुल्क पर उन्होंने […]

You May Like