महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग का दूसरा संस्करण रविवार से रांची में होगा शुरु

रांची, 27 दिसंबर (वार्ता) महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग के रविवार को शुरु हो रहे दूसरे संस्करण में मेजबान रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स के बीच भिड़ंत होगी। टूर्नामेंट में चार फ्रेंचाइजियों में देश भर के शीर्ष प्रतिभाशाली और प्रमुख अंतररराष्ट्रीय खिलाड़ी एक मैच पर प्रतिस्पर्धा करेंगे। महिला लीग के सभी रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेलें जायेंगे। टूर्नामेंट में चार फ्रेंचाइजी – रांची रॉयल्स, एसजी पाइपर्स, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब और श्राची बंगाल टाइगर्स – खिताब के लिए स्पर्धा करेंगी। टूर्नामेंट डबल राउंड-रॉबिन प्रारुप में खेला जाएगा, जिसमें लीग फेज में हर टीम दूसरी टीमों से दो बार खेलेगी, जिसके बाद शीर्ष दो टीमें 10 जनवरी 2026 को ग्रैंड फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। टूर्नामेंट में 13 मैच खेले जायेंगे। पिछले सीजन में, ओडिशा वॉरियर्स ने पहला महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग का खिताब जीता था, जबकि जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब कड़े मुकाबले के बाद उपविजेता रही थी। टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों के अलावा नीदरलैंड, अर्जेंटीना, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, स्पेन और ग्रेट ब्रिटेन देशों के खिलाड़ी स्पर्धा के लिए मैदान में उतरेंगे। इस दौरान रांची रॉयल्स घरेलू दर्शकों के सपोर्ट का फायदा उठाकर पूरा जोर लगाएगी, जबकि श्राची बंगाल टाइगर्स और एसजी पाइपर्स भी पिछले सीजन में क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहने के बाद इस प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा करने की कोशिश करेंगी।

प्रतियोगिता से पहले रांची रॉयल्स की कप्तान निक्की प्रधान ने कहा, “हमें रांची में अपने घरेलू मैदान पर नए सीजन की शुरुआत करने पर गर्व है, जहां हॉकी के लिए जुनून बेजोड़ है। हमारी टीम पहली सीटी बजने के साथ ही निडर, आक्रामक हॉकी खेलकर लीग के लिए माहौल बनाने के लिए उत्साहित है। कप्तान के तौर पर, मेरा ध्यान एक मजबूत, भरोसेमंद टीम बनाने पर है जहां हर खिलाड़ी स्वयं को खुलकर खेलने के लिए सशक्त महसूस करे। अगर हम अपनी रणनीति पर टिके रहते हैं और बड़े पलों का आनंद लेते हैं, तो नतीजे अपने आप मिल जाएंगे।” एसजी पाइपर्स की कप्तान नवनीत कौर कहा, “इस सीजन में एसजी पाइपर्स ग्रुप में वापसी करने की मानसिकता है, और यह इरादा शुरू से ही दिख रहा है। टीम में इंटरनेशनल अनुभव और भारतीय खिलाड़ियों का अच्छा तालमेल है, जिससे हर पोजीशन पर गहराई मिलती है। टीम के खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करने वाले हैं और टीम जिस दिशा में जा रही है, उसके साथ तालमेल बिठा रहे हैं।”

इस बीच जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब की कप्तान सविता ने कहा, “पिछले सीजन में टाइटल के इतने करीब आकर हमारा हौसला और मजबूत हुआ है। जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब का इस लीग में अभी काम अधूरा है, और हम पिछले साल के दर्द को इस साल की प्रेरणा में बदलने के लिए पक्के इरादे से तैयार हैं। हम अपनी हॉकी के स्टाइल से प्रशंसकों को प्रेरित करना चाहते हैं और सूरमा इस बार काम पूरा कर सकती है।” इसके अलावा श्राची बंगाल टाइगर्स की कप्तान वंदना कटारिया ने कहा, “यह एक खास ग्रुप है टीम में स्वयं को सर्वश्रेष्ठ साबित करने की सच्ची भूख है। टाइगर्स हर मुकाबले में स्पीड, स्टाइल और बहुत सारा जोश लेकर आएंगे। हम हर विरोधी का सम्मान करते हैं, लेकिन किसी से डरते नहीं हैं। अगर हम एक टीम के तौर पर बचाव करें और मुश्किल पलों में अपना संयम बनाए रखें, तो श्राची बंगाल टाइगर्स टाइटल के लिए एक गंभीर दावेदार हो सकती है।”

Next Post

दो दिन के अंदर 36 विकेट गिरना बहुत ज़्यादा है : स्मिथ

Sat Dec 27 , 2025
मेलबर्न, 27 दिसंबर (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने इंग्लैंड के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट दो दिन में हारने के बाद कहा कि दो दिन के अंदर 36 विकेट गिरना बहुत ज़्यादा है। स्मिथ ने शनिवार को मैच के बाद एमसीजी की पिच को लेकर कहा,” हां, यह काफ़ी […]

You May Like