सिंधिया का मेला व्यापारियों को भरोसा : पुराने दुकानदारों का आरक्षण होगा, आरटीओ टैक्स छूट भी मिलेगी

*दिल्ली में मंत्रालय में मेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों से की चर्चा, तत्काल एक्शन के निर्देश*

ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज शाम नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मंत्रालय में भेंट कर उन्हें ग्वालियर व्यापार मेला में आने वाले पारंपरिक व्यापारियों, दुकानदारों को दुकान आवंटन में होने वाली असुविधा एवं अन्य समस्याओं व मांगों से अवगत कराते हुए उनके निराकरण के लिए मार्गदर्शन प्राप्त किया। मेला व्यापारियों द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन पत्र पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने आश्वस्त किया कि ग्वालियर मेला में पीढ़ी दर पीढ़ी दुकानें लगाते आ रहे व्यापारियों एवं पारंपरिक दुकानदारों की दुकानें पूर्व की तरह आरक्षित की जाती रहेंगी, इसलिए मेला व्यापारी अपनी दुकानों के प्रति निश्चिंत रहें। सिंधिया ने यह भी भरोसा दिया कि मेला प्राधिकरण बोर्ड का गठन बहुत जल्द कर दिया जाएगा, राज्य सरकार के संबंधित विभागों एवं प्रशासन को निर्देशित किया जाएगा कि इस वर्ष का मेला निर्धारित समयावधि पर प्रारंभ हो, इसके लिए अभी से ही सभी आवश्यक तैयारियां की जाएंगी।

सिंधिया से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल, संयोजक उमेश उप्पल, संयुक्त अध्यक्ष एवं प्रवक्ता अनिल पुनियानी, सह संयुक्त अध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, कार्यकारी अध्यक्ष अनुज गुर्जर, ऋषि कंसाना शामिल थे। सिंधिया ने मेला व्यापारियों के प्रति अपना समर्थन यह कहकर व्यक्त किया “चिंता नहीं करें, मैं हूं न”।

मेला व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मेला की मौजूदा कुव्यवस्था को देखते हुए सिंधिया से हस्तक्षेप का आग्रह करते हुए मांग की कि सवासौ साल का गौरवशाली अतीत रखने वाले ग्वालियर व्यापार मेला का आयोजन इस वर्ष समय से हो, दुकान आवंटन से लेकर आरटीओ टैक्स में पचास फीसदी छूट का निर्णय जैसी सभी प्रक्रियाएं अभी ही पूर्ण कर ली जाएं ताकि मेला आयोजन में विलंब न हो और मेला से जुड़े किसी भी बिन्दु पर असमंजश अथवा भ्रम की स्थिति न रहे। दुकान आवंटन में उन पुराने दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाए जो कई पीढ़ियों से मेला में दुकानें लगाते आ रहे हैं।”

इस पर सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर मेला की गरिमा को न सिर्फ संरक्षित किया जाएगा बल्कि वर्ष 25_26 के मेला आयोजन में इसमें और नए आकर्षक आयाम जोड़े जाएंगे। मेला व्यापारी संघ ने ज्ञापन पत्र में कहा कि पिछले छह वर्ष से ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण विधिवत बोर्ड के गठन के बिना ही चल रहा है, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं बोर्ड संचालकों के पदों पर अभी तक नियुक्तियां नहीं हुई हैं, इसलिए मेला प्राधिकरण का बोर्ड अतिशीघ्र गठित किया जाए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि वर्ष 2025_26 के ग्वालियर व्यापार मेला के सुचारू, सुविधापूर्ण आयोजन के लिए सेल्स टैक्स में पचास प्रतिशत रियायत का निर्णय अभी ही ले लिया जाए ताकि मेला व्यापारी एवं सैलानी असमंजश में न रहें।

*शिकमी दुकानदारों को ब्लैकलिस्टेड किया जाए*

मेला व्यापारी संघ ने यह भी मांग की कि वर्ष के आठ महीने सूने पड़े रहने वाले मेला परिसर की संपत्ति की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। निष्पक्षता से जांचोपरांत शिकमी एवं फर्जी दुकानदारों की पहचान कर दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई कर ऐसे दुकानदारों को ब्लैकलिस्टेड किया जाए। मेला को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए अभी से सांस्कृतिक कैलेंडर को अंतिम रूप दिया जाए।

Next Post

निरंतर मजबूत हो रही है भारत और भूटान की साझेदारी : जयशंकर

Fri Sep 5 , 2025
नयी दिल्ली 05 सितम्बर (वार्ता) विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर ने भारत की यात्रा पर आये भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे के साथ शुक्रवार को यहां भेंट की और कहा कि दोनों देशों की साझेदारी निरंतर मजबूत हो रही है। श्री तोबगे अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि राममंदिर में दर्शन […]

You May Like