भोपाल: मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित NEET-UG 2026 री-एग्जाम आज मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत कई शहरों में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित किया जा रहा है। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, सख्त फ्रिस्किंग और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। परीक्षा सामग्री ले जाने वाले वाहनों की जीपीएस ट्रैकिंग की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रदेश में भोपाल के 32 केंद्रों पर करीब 13 हजार 774 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं, जबकि इंदौर में 14 हजार से अधिक छात्र शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, गुना, विदिशा, नर्मदापुरम और अशोकनगर में भी परीक्षा आयोजित की जा रही है। अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने, ड्रेस कोड का पालन करने और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ न लाने के निर्देश दिए गए हैं।
री-नीट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की सुविधा के लिए भोपाल समेत कई रेलवे स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं, जहां परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने से जुड़ी जानकारी और परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हालांकि, कुछ छात्रों को अंतिम समय में परीक्षा केंद्र बदलने की परेशानी का भी सामना करना पड़ा। मुरैना के एक छात्र का सेंटर ग्वालियर से बदलकर भोपाल कर दिया गया।परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक आयोजित होगी। प्रशासन और एनटीए की ओर से उम्मीद जताई जा रही है कि कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच यह परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगी।
