
मुम्बई 23 जून (वार्ता) जांच की मांसपेशियों में चोट के कारण ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे से बाहर हो गये है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सूत्रों के अनुसार नीतीश रेड्डी क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) की चोट के कारण आयरलैंड के खिलाफ भारत की टी-20 सीरीज में नहीं खेलेंगे। 23 साल के इस ऑलराउंडर को इंग्लैंड दौरे के लिए वनडे और टी-20 दोनों टीमों में भारत के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर चुना गया था। रेड्डी ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज में दो वनडे मैच खेले थे और धर्मशाला में इस प्रारुप में अपना पहला विकेट लिया था। इसके बाद वे लखनऊ में दूसरा वनडे नहीं खेल पाए थे।
कप्तान शुभमन गिल ने टॉस के समय बताया था कि ऑलराउंडर को ‘अपनी जांघ की मांसपेशियों’ में कुछ दक्कत हो रही है। रेड्डी चेन्नई में आखिरी वनडे के लिए टीम में लौटे, जहां उन्होंने बिना कोई विकेट लिए 42 रन देकर छह ओवर फेंके और उन्हें बल्लेबाजी करने की जरूरत नहीं पड़ी। यह चोट फिटनेस से जुड़ी उन कई समस्याओं में से एक है जिसने पिछले एक साल में रेड्डी की प्रगति को रोका है। फिटनेस की चिंताओं के कारण आईपीएल 2025 के दौरान उनकी गेंदबाजी काफी सीमित रही थी, जब उन्होंने 13 मैचों में कुल पांच ओवर फेंके थे। बाद में, घुटने की चोट के कारण उन्हें इंग्लैंड के टेस्ट दौरे के बीच से ही बाहर होना पड़ा था।
