दो दिन के अंदर 36 विकेट गिरना बहुत ज़्यादा है : स्मिथ

मेलबर्न, 27 दिसंबर (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने इंग्लैंड के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट दो दिन में हारने के बाद कहा कि दो दिन के अंदर 36 विकेट गिरना बहुत ज़्यादा है। स्मिथ ने शनिवार को मैच के बाद एमसीजी की पिच को लेकर कहा,” हां, यह काफ़ी मुश्किल था। दो दिन के अंदर 36 विकेट गिरना बहुत ज़्यादा हैं। ग्राउंड्समैन के तौर पर यह काफ़ी मुश्किल है। मेरे हिसाब से वह हमेशा सही प्रकार का संतुलन देने की कोशिश करते हैं। पिछले साल की पिच बहुत अच्छी थी और मैच पांचवें दिन तक गया था। इस बार भी अगर 10 मिमी की जग़ह 8 मिमी रखते तो सही रहता। लेकिन ग्राउंड्समैन हमेशा सीखते हैं और इस मैच से उन्हें काफ़ी कुछ सीखने को मिलेगा।” एमसीजी के क्यूरेटर मैट पेज ने इस बार 7-8 मिमी घास की जग़ह 10 मिमी घास रखी थी और अंत में इसी कारण से मैच सिर्फ़ दो दिन के अंदर खत्म हो गया। स्मिथ ने आगे कहा,” जिन पिचों पर सीम गेंदबाज़ों को ज़्यादा मदद मिलती है, वहां स्पिन खेलना आसान होता है और ऐसे में आप यही सोचते हैं कि इस तरह की पिच पर स्पिनर को खिलाकर 30-40 रन अतिरिक्त क्यों देना है। पर्थ में भी हमने स्पिनरों का ज़्यादा इस्तेमाल नहीं किया था। पिंक बॉल टेस्ट में भी स्पिनरों का उपयोग नहीं किया गया था। एडिलेड में पिच अलग थी इसलिए वहां मामला अलग था। इस मैच में भी स्पिन गेंदबाज़ों को गेंद देने की जरूरत नहीं लगी। मुझे मैच में स्पिनरों का योगदान अच्छा लगता है लेकिन जहां जरूरत नहीं है, वहां मतलब नहीं बनता।”

टेस्ट इतिहास में पहली बार ऑस्ट्रेलिया ने पूरे मैच में किसी स्पिनर से गेंद नहीं करवाई। चार मैचों में अभी तक दो मैच में ऑस्ट्रेलिया ने चार तेज गेंदबाज खिलाए और पर्थ टेस्ट में भी नाथन लायन ने सिर्फ़ दो ओवर ही गेंदबाज़ी की थी। इंग्लैंड ने दो दिन के अंदर एशेज का चौथा टेस्ट जीता और यह इस सीरीज का दूसरा दो दिन वाला टेस्ट मैच था। इससे पहले 1912 में एक सीरीज में एक से ज़्यादा दो दिन के टेस्ट खेले गए थे और ऑस्ट्रेलिया में सिर्फ़ चार बार दो दिन के टेस्ट मैच खेले गए हैं। इस सीरीज से पहले 1931 में मेलबर्न और 2022 में ब्रिस्बेन में यह रिकॉर्ड बना था। पिछले 20 सालों में एमसीजी की पिच ऑस्ट्रेलिया में बल्लेबाज़ी के लिए सबसे मुश्किल पिच थी। इसी कारण से 1932 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया में किसी टेस्ट में अर्धशतक नहीं लगा। टेस्ट में सिर्फ़ 852 गेंदें खेली गई और इससे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को बड़ा आर्थिक नुकसान होगा क्योंकि तीसरे दिन लगभग 90,000 दर्शक मैच देखने आने वाले थे और साथ ही चौथे दिन के लिए भी अच्छे ख़ासे टिकट बिके थे।

Next Post

स्टोक्स ऑस्ट्रेलिया में जीत का सूखा खत्म करके खुश हैं, लेकिन हालात 'आदर्श नहीं'

Sat Dec 27 , 2025
मेलबर्न, 27 दिसंबर (वार्ता) इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने शनिवार को कहा कि उनकी इंग्लैंड टीम को ऑस्ट्रेलियाई धरती पर एशेज जीत के लिए 14 साल का इंतजार खत्म करने पर गर्व होगा, लेकिन उन्होंने माना कि उनकी टीम के लिए हालात “आदर्श नहीं” थे, ऐसी पिच पर जो […]

You May Like