
दमोह/बांदकपुर। प्रसिद्ध हिंदू तीर्थ क्षेत्र बांदकपुर धाम में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा एक वर्ष से कॉरिडोर निर्माण का कार्य चल रहा है। खाली जगह की कमी के कारण निर्माण कार्य में देरी और दिक्कत आ रही है। मुख्य द्वार पर अतिक्रमण किए कुछ अतिक्रमणकारी लगातार कॉरिडोर निर्माण में बाधा डाल रहे हैं। कलेक्टर दमोह के सामने भी इन्हीं अतिक्रमणकारियों ने हंगामा किया था। कॉरिडोर निर्माण में देरी और लगातार आ रही कठिनाइयों के कारण जिले के समस्त हिंदू समाज, धर्म प्रेमियों और बांदकपुर धाम भोले बाबा की नगरी से जुड़े भक्तों में बड़ा आक्रोश है। इसी को लेकर 30 जून मंगलवार को दोपहर 12 बजे दमोह के जटाशंकर मंदिर के पास विशाल एकत्रीकरण कर ज्ञापन दिया जाएगा। हिंदू समाज द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं पर्यटन संस्कृति मंत्री के नाम जिला कलेक्टर दमोह को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक को भी एक ज्ञापन देकर निर्माण में बाधक बन रहे तत्वों पर मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी। आयोजकों ने सभी धर्म प्रेमी भोले भक्तों और श्रद्धालुओं से उपस्थिति का आह्वान किया है।
