जबलपुर : रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल जबलपुर मंडल को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। आरपीएफ टीम ने विभिन्न राज्यों में वांछित एक अंतर्राज्यीय शातिर आदतन अपराधी को सतर्कता, साहस एवं उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए गिरफ्तार किया था। इसी कड़ी में गुरुवार 09 अप्रैल को आरपीएफ जवानो द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य हेतु टीम को डीआरएम कमल कुमार तलरेजा द्वारा सम्मानित किया गया।
डीआरएम जबलपुर द्वारा निरीक्षक राजीव खरब, उप निरीक्षक अरविंद, कांस्टेबल विनय मौर्य और आशीष यादव को सम्मानित किया गया इस मौके पर प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजीव कुमार यादव, मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, जबलपुर मो. मुनव्वर खान, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) राहुल जयपुरियार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मधुर वर्मा तथा अन्य शाखा के अधिकारियों की उपस्थिति रही।
यह था मामला
बता दे कि 06 अप्रैल को प्रातः कालीन निवारक ड्यूटी के दौरान सिहोरा रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ स्टाफ ने लगभग 04:50 बजे ट्रेन संख्या 11753 से ऑफ-साइड उतरकर संदिग्ध परिस्थितियों में स्टेशन परिसर से भागने का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति को देखा था संदेह होने पर आरपीएफ कर्मियों ने तत्काल उसका पीछा किया। गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से आरोपी पास स्थित बाजार क्षेत्र के निकट एक तालाब में कूद गया। आरपीएफ स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित किया तथा गोताखोरों की सहायता से संयुक्त प्रयास कर आरोपी को सुरक्षित बाहर निकालकर उसे गिरफ्तार किया गया था। आरोपी की पहचान हरविंदर सिंह 32 वर्ष, पिता सुरिंदर सिंह, निवासी मोहल्ला खेड़ा, वार्ड नं. 24, मकान नं. 20 थाना हल्दौर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई थी जो एक आदतन अपराधी है।
