
सीधी। थाना बहरी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी में प्रयुक्त डीसीएम वाहन जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बहरी पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त डीसीएम वाहन क्रमांक यूपी 96 टी -5039 भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार
दिनांक 31 अप्रैल 2026 की रात्रि में ग्राम मायापुर स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा बड़ी मात्रा में गेहूं एवं चावल चोरी कर लिया गया था। घटना की सूचना प्राप्त होते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना बहरी पुलिस की विशेष टीम गठित कर अज्ञात आरोपियों की तलाश एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण करने पर डीसीएम वाहन क्रमांक यूपी 96 टी -5039 संदिग्ध पाया गया। वाहन के संबंध में जानकारी प्राप्त कर उसके पूर्व स्वामी अखिलेश जायसवाल निवासी सतना से पूंछताछ की गई। उन्होंने बताया कि उक्त वाहन उन्होंने राजबहोर साकेत निवासी डीही थाना शाहपुर, वर्तमान पता वार्ड क्रमांक 05 ढेकहा, जिला रीवा को बेच दिया है।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए राजबहोर साकेत को बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से हिरासत में लेकर पूंछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी संतोष पटेल, अमर पटेल एवं अन्य तीन व्यक्तियों के साथ मिलकर मायापुर स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद मुख्य आरोपी अमर पटेल को ढेकहा, जिला रीवा से गिरफ्तार किया गया। पूंछताछ में उसने मायापुर की घटना के साथ-साथ थाना बहरी क्षेत्र के पड़रिया, तरका एवं खोचीपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में भी अपने गिरोह के साथ चोरी करना स्वीकार किया।
अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता उजागर-
जांच के दौरान पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया, जिसमें इनके विरुद्ध रीवा, मऊगंज, पन्ना, सतना, शहडोल एवं मैहर जिलों के विभिन्न थानों में चोरी के कई प्रकरण दर्ज पाए गए। इससे स्पष्ट हुआ कि यह गिरोह मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ अन्य राज्यों में भी सक्रिय रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त डीसीएम वाहन क्रमांक यूपी 96 टी-5039 जब्त कर लिया है। प्रकरण की विवेचना जारी है तथा गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश की जा रही है। उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान-
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक राजेश पाण्डेय थाना प्रभारी बहरी , सहायक उपनिरीक्षक अविनेश चौधरी, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह, आरक्षक चैतन्य मिश्रा, राजकमल सिंह एवं प्रभात तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
