
बांदकपुर/दमोह। सावन माह के पड़ने वाले 4 सोमवार, अमावस्या और पूर्णिमा को जिले के प्रसिद्ध व आस्था के प्रमुख केंद्र देव श्री जागेश्वरनाथ धाम, बांदकपुर में भगवान शिव के दर्शन व जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को दृष्टिगत रखते हुए उनकी सुरक्षा, सुगम आवागमन व व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर प्रताप नारायण यादव व पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.) ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बांदकपुर धाम का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, एसडीएम सौरभ गंधर्व,श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर प्रबंधक पं. रामकृपाल पाठक,केदारनाथ दुबे, कुंजीलाल डिम्हा, रामप्रताप, विजय दुबे, नरेंद्र पाठक,एसडीओपी प्रिया सिंधी, तहसीलदार पारूल चौधरी, प्रीतम सिंह, जल संसाधन विभाग अधिकारी रविदीप वैन, यातायात दलबीर सिंहमार्को, हिंडोरिया सीएमओ प्रभार संभाले राजेंद्र खरे, पीएचई विभाग से श्री साहू, जनपद सीईओ हलधर मिश्रा, विद्युत विभाग, पटवारी आशीष साहू, बांदकपुर सरपंच सचिव, सहित सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर परिसर व आसपास सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध रहें तथा विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं के सुरक्षित तथा सुगम दर्शन सुनिश्चित करें।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश व निकास मार्ग, पार्किंग स्थल बिंरूदा, धनश्याम गार्डन व श्री जागेश्वर स्कूल का जायजा लिया। बैरिकेडिंग, दर्शन कतार, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान थाना प्रभारी हिण्डोरिया अंजलि अग्निहोत्री,चौकी प्रभारी बांदकपुर राजेंद्र मिश्रा व उपस्थित पुलिस बल को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने निर्देशित किया कि सावन सोमवार के दौरान मंदिर परिसर व आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे। महिलाओं, बच्चों व वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी सतर्कता व मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।सावन सोमवार के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, यातायात प्रबंधन व कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा व्यापक व प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है।
