नकबजनी का 24 घंटे में खुलासा, पूर्व नौकर निकला मास्टरमाइंड 

इंदौर. मैकेनिक नगर स्थित एक दुकान में हुई नकबजनी की वारदात को भंवरकुआं पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा लिया. चोरी की साजिश दुकान में पूर्व में काम कर चुके नाबालिग नौकर ने रची थी, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 लाख 52 हजार रुपए का माल बरामद किया है.

शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भंवरकुआं पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. मैकेनिक नगर स्थित एक असेसरीज की दुकान में हुई नकबजनी की वारदात को पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. भंवरकुआं थाने में 54 वर्षीय फरियादी खुजेमा सनावदवाला निवासी 146 हैंड्री टाउनशिप, थाना राजेन्द्र नगर, इंदौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी दुकान में रखे लगभग 2.80 लाख अज्ञात बदमाश ताला तोड़कर चोरी कर ले गए हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जोन 4 डॉ. ऋषिकेश मीणा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आनंद यादव के मार्गदर्शन व सहायक पुलिस आयुक्त जूनी इंदौर देवेन्द्र सिंह धुर्वे के निर्देशन में थाना प्रभारी राजकुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र की मदद से दुकान में पूर्व में कार्यरत एक नाबालिग नौकर को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने चौंकाने वाले खुलासे किए. उसने स्वीकार किया कि वर्तमान में कार्यरत एक अन्य नाबालिग नौकर को दुकान में रखी भारी राशि की जानकारी उसने दी थी और फिर चारों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई. साजिश के तहत दुकान का ताला तोड़ा गया और अलमारी से रुपए निकाल कर आपस में बांट लिए थे. आरोपियों में तीन नाबालिग व एक बालिग युवक आशु उर्फ अंशुल मीणा निवासी अभिनव नगर, इंदौर शामिल है. पुलिस ने चारों आरोपियों से 2 लाख 52 हजार रुपए बरामद किए है. पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की है. सभी के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही जारी है. थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि शेष राशि की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं.

Next Post

जहरीले पदार्थ के सेवन से महिला की संदिग्ध मौत 

Thu Jun 12 , 2025
सिंगरौली। पुलिस चौकी खुटार अंतर्गत ग्राम बनौली निवासी आरती पाण्डेय पति अखिलेश पाण्डेय उम्र 32 निवासी बनौली ने उपचार के दौरान आज जिला चिकित्सालय में दम तोड़ दी। चर्चा है कि आरती ने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया था। जबकि मृतिका के माईके पक्ष वालों का आरोप है कि […]

You May Like