
उमरिया/पाली। जिले के पाली स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र की 210 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर-1 एक बार फिर तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई है। यह वही यूनिट है जो लगभग एक साल तक बंद रहने के बाद हाल ही में चालू की गई थी, लेकिन कुछ ही महीनों के संचालन के बाद फिर तकनीकी दिक्कतों का सामना कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को अचानक उत्पन्न हुई तकनीकी समस्या के कारण सुरक्षा दृष्टि से इसे बंद करना पड़ा। इंजीनियर और तकनीकी टीम मरम्मत कार्य में जुटी हैं। प्रबंधन का कहना है कि समस्या की पहचान कर ली गई है और सोमवार शाम तक यूनिट को दोबारा चालू कर दिया जाएगा।
संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र में कुल चार यूनिट संचालित हैं, जिनमें तीन 210-210 मेगावाट और एक 500 मेगावाट की है। केंद्र से प्रदेश सहित आसपास के जिलों को बिजली मिलती है, इसलिए यूनिट-1 का बंद होना ऊर्जा आपूर्ति पर थोड़े असर डाल सकता है। प्रबंधन का कहना है कि अन्य यूनिटों का मेंटेनेंस नियमित रूप से होता है और यूनिट-1 की समस्या गंभीर नहीं है।
