जगदलपुर : झंकार टॉकीज में फिल्म देखने के दौरान दो गुट भिड़े, युवक पर हथौड़े से हमले का आरोप

जगदलपुर, 03 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित झंकार टॉकीज में फिल्म “स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डे” के प्रदर्शन के दौरान दो युवकों के गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में एक युवक के घायल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से सोमवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार, टॉकीज में रविवार देर रात फिल्म देखने पहुंचे युवाओं के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसों से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान टेबल और कुर्सियां भी एक-दूसरे पर फेंकी गईं, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि झड़प के दौरान एक युवक पर हथौड़े से हमला किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर पर छह टांके लगाए।

मारपीट की पूरी घटना टॉकीज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।

 

 

Next Post

भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन का निधन, लंग्स में पानी भरने से हुई मृत्यु

Mon Aug 3 , 2026
उज्जैन:मध्य प्रदेश भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पारस जैन का सोमवार को इंदौर के विशेष जुपिटर अस्पताल में निधन हो गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उन्हें लंग्स में पानी भर जाने की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के […]

You May Like