इंदौर:बाणगंगा थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात को पुलिस ने महज एक घंटे में सुलझाते हुए तीन बदमाशों को पकड़ लिया. फरियादी माखन सिंह से मोबाइल और नकदी लूटकर भाग रहे आरोपी पुलिस की तुरंत कार्रवाई में रस्सी मैदान क्षेत्र से दबोच लिए.थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि शाम करीब 7 बजे माखन सिंह दीपमाला हाट बाजार से सामान लेकर एमसीयू हेल्थ केयर कंपनी की ओर लौट रहे थे.
इसी दौरान इंडो जर्मन टूल कंपनी के पास तीन युवकों ने पीछे से घेर लिया. आरोपियों ने फरियादी के मुंह पर कपड़ा लपेटा, उनमें से एक ने चाकू दिखाकर धमकाया और वीवो कंपनी का मोबाइल तथा 700 रुपए नकद छीन लिए. घटना की सूचना मिलते ही बाणगंगा पुलिस ने इसे गंभीर मानते हुए तुरंत टीम गठित की और इलाके में संदिग्धों की तलाश शुरू की.
सिर्फ एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों 18 वर्षीय गजानन पिता जगदी इवने निवासी दीपमाला ढाबा के पीछे रस्सी मैदान में, 20 वर्षीय राजा पिता भूपेंद्र सिंह चौधरी निवासी रस्सी मैदान, 18 वर्षीय राजा पिता महेश इवने निवासी रस्सी मैदान को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल और 700 रुपए बरामद कर लिए. कार्रवाई में आरक्षक रामकुमार त्यागी, प्रमोद मावई, जितेंद्र गोयल और धर्मेंद्र ओझा की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की जानकारी जुटा रही है.
