
शाजापुर, अपने घर से लापता हुई एक नाबालिग को मोहन बड़ोदिया पुलिस ने 24 घंटे में बरामद कर लिया. यह सफलता पुलिस ने साईबर सेल की सहायता से मिली. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया, जिन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया.
सोमवार को फरियादी ने मोहन बड़ोदिया थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी 15 वर्षीय बेटी बिना बताए कहीं चली गई है. फरियादी ने आशंका जताई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला फुसलाकर ले गया है. पुलिस ने इस पर प्रकरण दर्ज किया. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी यशपालसिंह राजपूत ने भी नाबालिग की बरामदगी के लिए पांच हजार रुपए के इनाम की घोषणा की थी. इसके बाद पुलिस ने भी परिजनोंए संदेहियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की. साथ ही साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए. वहीं मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया जिनकी सूचना पर पुलिस ने आगर जिले के ग्राम झारला से नाबालिग को सकुशल बरामद किया. पुलिस ने आरोपी कमल मालवीय निवासी अरनिया और अरमान निवासी कानड को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गयाए जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वैन को भी जब्त किया है. उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविंदसिंह तोमर,उनि कैलाशनारायण यादव, प्रधान आरक्षक मो.शरीफ, प्रधान रक्षक रविशंकर चौधरी, आरक्षक राहुल जाट, चालक आरक्षक विष्णु प्रसाद दांगी, आरक्षक अर्जुन बागड़ी, महिला आरक्षक राधिका राजपूत तथा साइबर सेल प्रभारी विकास तिवारी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
