
सीधी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अशोक कुमार खरे ने बताया कि रीवा संभाग आयुक्त द्वारा 30 जुलाई को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ली गई जिला एवं ब्लॉकवार समीक्षा बैठक में सीधी जिले में एएनसी पंजीयन की स्थिति सबसे कम पाई गई और विशेषकर विकासखंड रामपुर नैकिन की उपलब्धि अत्यंत कम रही, जिस पर नाराजगी व्यक्त की गई थी।
संभाग आयुक्त के निर्देशों के पालन में बीएमओ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रामपुर नैकिन डॉ.प्रेरणा पाठक ने तत्काल कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डॉ.खरे ने बताया कि बीएमओ डॉ.प्रेरणा पाठक द्वारा जारी पत्र में धनहा, शिकारगंज, खड्डी, बाघड़, बघवार, कुडिया, भितरी, डढिय़ा, सर्रा, मुर्तला, सतोहरी और कंधवार उप स्वास्थ्य केन्द्रों के सीएचओ और एएनएम को निर्देशित किया गया है। पत्र में कहा गया है कि सब सेंटर वाइज समीक्षा में आपके क्लस्टर की उपलब्धि अनुपातिक लक्ष्य के विरुद्ध 60 प्रतिशत से भी कम है जबकि 90 प्रतिशत से कम उपलब्धि किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। सभी को 3 दिवस के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। समय-सीमा में संतोषप्रद जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए वरिष्ठ कार्यालय को लेख किया जाएगा। एक अन्य पत्र में बीएमओ ने समस्त सेक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, एएनएम और डाटा एंट्री ऑपरेटरों को निर्देशित किया है कि क्लस्टर अंतर्गत जितनी भी एएनसी पंजीकृत नहीं हैं आशा कार्यकर्ताओं से संपर्क कर रिकॉर्ड प्राप्त कर अनमोल पोर्टल पर 2 दिन में पंजीयन किया जाए। 5 अगस्त को जिला स्तर पर समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। डॉ.खरे ने बताया कि संभाग आयुक्त के निर्देशानुसार क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं रीवा संभाग डॉ.जी.एस.परिहार की अध्यक्षता में शाम 4 बजे एनएचएम सभागार जिला सीधी में समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में यह भी बताया गया कि शैल्बी हॉस्पिटल जबलपुर द्वारा कैंसर की स्क्रीनिंग हेतु स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सीएचओ, एएनएम, आशा सहयोगी एवं आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया जाना है। प्रशिक्षण का कार्यक्रम सिहावल में 1 अगस्त सुबह 10:30 बजे बमुरी स्कूल में, सीधी में दोपहर 3 बजे जिला पंचायत सीधी में, कुशमी में 2 अगस्त को सुबह 10:30 बजे टमसार स्कूल में, मझौली में दोपहर 1 बजे पथरौला स्कूल में और रामपुर नैकिन में शाम 3:30 बजे उत्कृष्ट विद्यालय रामपुर नैकिन में आयोजित होगा। इसके साथ ही शैल्बी हॉस्पिटल जबलपुर एवं जिला प्रशासन जिला अस्पताल सीधी के संयुक्त तत्वाधान में विशाल नि:शुल्क कैंसर रोग परामर्श शिविर का आयोजन शनिवार 22 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला अस्पताल सीधी में किया जाएगा।
००
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
बैठक में जिला स्तर से सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला क्षय अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, डीपीएम, डीसीएम, डीएक्यूएम, नोडल अधिकारी सिकल सेल, आयुष्मान, एनआरसी, 108, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सीएम हेल्पलाइन एवं ब्लॉक स्तर से समस्त सीबीएमओए बीपीएमए बीसीएम अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे।
०००००००००००
