अंगद चीमा, अमरदीप मलिक, अंशुल कब्थियाल और करणदीप कोचर ने संयुक्त बढ़त हासिल की

अहमदाबाद, (वार्ता) अहमदाबाद के केंसविले गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले कोल इंडिया ओपन के पहले राउंड का समापन नोएडा के अमरदीप मलिक, दिल्ली के 20 वर्षीय गोल्फर अंशुल कब्थियाल और चंडीगढ़ के गोल्फर अंगद चीमा और करणदीप कोचर की चौकड़ी के साथ हुआ, जिन्होंने तीन अंडर 69 के स्कोर के साथ संयुक्त बढ़त हासिल की।

लीडर्स के ठीक पीछे, पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर चल रहे चंडीगढ़ के युवराज संधू, पूर्व पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन महू के ओम प्रकाश चौहान, बेंगलुरु के युवा मनोज एस और चंडीमंदिर के रवि कुमार भी दो अंडर 70 के स्कोर के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर रहे।

2025 पीजीटीआई सीजन के दूसरे भाग की प्रतियोगिता के पहले दिन उच्च स्कोर देखने को मिले क्योंकि खिलाड़ियों को केंसविले के मुश्किल ग्रीन्स को समझने में दिक्कत हो रही थी। हालांकि, युवा अंशुल कबथियाल ने बैक-नाइन पर तीन बर्डी और उसके बाद फ्रंट-नाइन पर एक-एक बर्डी और बोगी लगाकर परिस्थितियों का बखूबी सामना किया।

अंशुल ने कहा, ”मैंने आज शायद ही कोई ग्रीन मिस की क्योंकि मैंने गेंद को अच्छी तरह से मारा। पटिंग भी अच्छी थी, बस छठे होल पर बोगी के लिए तीन पट ही एक कमी थी। आज मेरा सबसे अच्छा पल 14वें होल पर पेड़ों में टी शॉट लगाने के बाद बर्डी के लिए एक शानदार रिकवरी थी। मैंने मिड-सीजन ब्रेक के दौरान अपनी मानसिकता पर बहुत काम किया है और मुझे उम्मीद है कि इससे मेरे खेल में बड़ा बदलाव आएगा।”

इस साल विजेता और 2025 सीजन में सबसे लगातार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक, अंगद चीमा ने पहले नौ में शांत शुरुआत की और पूरे समय पार स्कोर किया, उसके बाद एक घटनापूर्ण बैक-नाइन में उन्होंने पांच बर्डी और एक डबल बोगी लगाई।

पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में वर्तमान में 10वें स्थान पर चल रहे अंगद ने कहा, ”सीजन के पहले हाफ में अच्छे प्रदर्शन के बाद, यह राउंड मुझे दूसरे हाफ में भी इसी लय को जारी रखने का शानदार मौका देता है।”

अमरदीप मलिक ने अपने शुरुआती राउंड में पांच बर्डी के साथ दो बोगी भी कीं। अमरदीप ने कहा, ”मैं आज के प्रयास से बेहद खुश हूं। मुझे उम्मीद नहीं थी कि मैं तीन अंडर के स्कोर के साथ बढ़त बना लूंगा। इस राउंड का मुख्य आकर्षण पांचवें होल पर बर्डी के लिए लगाया गया 50 फुट का शॉट रहा। उच्च स्कोर इस बात का प्रतिबिंब हैं कि केंसविले में ग्रीन्स कितनी कठिन हैं।”

अहमदाबाद के वरुण पारिख ने 74 का स्कोर बनाया और संयुक्त रूप से 32वें स्थान पर रहे। स्थानीय गोल्फ खिलाड़ियों में उनका स्थान सर्वोच्च है।

 

Next Post

दो रिटायर्ड पुलिसकर्मियों और किराएदार के बीच विवाद, मारपीट में तीन घायल

Wed Aug 6 , 2025
जबलपुर: अधारताल थाना क्षेत्र में दो सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और एक किराएदार के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद मारपीट में बदल गया। केसर बिहार स्थित शिव मंदिर के सामने हुई इस घटना में तीन लोग घायल हुए। यशोदानंद मिश्रा और भारत सिंह गौड़ दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में […]

You May Like

मनोरंजन