चिचोली। प्रशासनिक कार्यों की सुविधा एवं पदोन्नति उपरांत किए गए स्थानांतरण के क्रम में जिले में पदस्थ तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं प्रभारी नायब तहसीलदारों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से नवीन दायित्व सौंपे गए हैं। इसी क्रम में चिचोली तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार पूनम साहू के स्थान पर श्याम सिंह उईके ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
नए नायब तहसीलदार के पदभार ग्रहण करने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, चिचोली क्षेत्र की एक पुरानी और महत्वपूर्ण मांग एक बार फिर चर्चा में है।
गौरतलब है कि टप्पा तहसील से तहसील बनने के कई साल बीत जाने के बाद भी चिचोली में आज तक एसडीएम कोर्ट की व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है। इसके कारण क्षेत्र के नागरिकों, किसानों और राजस्व प्रकरणों से जुड़े लोगों को सुनवाई के लिए जिला मुख्यालय पर जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों प्रकार की परेशानी होती है।
भारतीय किसान संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने कई बार मांग की है कि चिचोली तहसील में सप्ताह में कम से कम एक दिन एसडीएम कोर्ट की नियमित व्यवस्था की जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर ही राजस्व एवं अन्य प्रकरणों की सुनवाई हो सके। हालांकि अब तक इस मांग पर स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है और नियमित सुनवाई की व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है।
सत्ता दल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के जिला होने के कारण किसानों और क्षेत्र वासियों को उम्मीद है कि प्रशासन इस लंबे समय से लंबित मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर चिचोली में सप्ताह में कम से कम एक दिन एसडीएम कोर्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करे , जिससे आम नागरिकों को राहत मिल सके और समय पर निराकरण हो सके।
