
दमोह। पुलिस मुख्यालय के निर्देशन व पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.) के नेतृत्व में संचालित नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत मंगलवार को पुलिस परेड ग्राउंड, दमोह में मैत्री क्रिकेट मैच व रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.) की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतियोगिताओं में जिला पुलिस बल के अधिकारियों व जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क व आपसी समन्वय का उत्कृष्ट परिचय दिया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश व ऊर्जा के साथ प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि खेलों के माध्यम से युवाओं व आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं, जबकि नशा व्यक्ति, परिवार व समाज को कमजोर करता है। इसलिए सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा व सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी लिया तथा अधिक से अधिक लोगों को इस जनजागरूकता अभियान से जोड़ने का संदेश दिया।
आयोजन के दौरान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि, सीएसपी एचआर. पांडेय ,एसडीओपी तेन्दूखेड़ा अर्चना अहीर,एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी, रक्षित निरी. अभिनय साहू, आकांक्षा जोशी, सहित पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
