सतना: महिला सुरक्षा, सम्मान और समानता के संदेश के साथ गुरुवार को सैकड़ों महिलाओं और जेन जी युवतियों ने पदयात्रा निकालकर सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित माहौल की मांग उठाई। खास बात यह रही कि जेन जी की युवा पीढ़ी की बड़ी भागीदारी ने इस अभियान को नई आवाज और ऊर्जा दी। पदयात्रा सिविल लाइंस स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा से शुरू होकर धवारी चौराहा स्थित शहीद भगत सिंह प्रतिमा स्थल पर समाप्त हुई।
पदयात्रा में शामिल महिलाओं और युवतियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर महिला सुरक्षा, समानता और सम्मान से जुड़े संदेश दिए। प्रतिभागियों ने सवाल उठाया कि रात होते ही महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर असुरक्षा और आवाजाही को लेकर चिंता की स्थिति क्यों बनती है। उन्होंने कहा कि सड़क, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थान दिन और रात दोनों समय महिलाओं के लिए सुरक्षित होने चाहिए।
समापन सभा में वक्ताओं ने कहा कि महिला सुरक्षा पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जेन जी युवतियों ने सुरक्षित माहौल को महिलाओं की स्वतंत्रता के लिए जरूरी बताया। प्रतिभागियों ने छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अभिभावकों से बेटियों से खुलकर संवाद करने और उनकी बात सुनने की अपील की गई।
