
भोपाल। भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में अपने घर में बेहोशी की हालत में मिले 68 वर्षीय बुजुर्ग को डायल-112 की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से समय पर अस्पताल पहुँचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया।
पुलिस के अनुसार 15 मार्च को राज्य स्तरीय डायल-112 कंट्रोल रूम भोपाल को सूचना मिली कि सुभाष कॉलोनी में एक बुजुर्ग व्यक्ति बेहोश हो गए हैं और तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही अशोका गार्डन क्षेत्र में तैनात डायल-112 की एफआरव्ही वाहन को तुरंत मौके पर रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचकर प्रधान आरक्षक पुनीत शुक्ला, प्रधान आरक्षक राजवीर सिंह और पायलट पुष्पेंद्र सिंह ने पाया कि बुजुर्ग व्यक्ति घर में अकेले रहते हैं और अचानक बेहोश होकर गिर पड़े थे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से खोलकर बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद जवानों ने उन्हें एफआरव्ही वाहन से निजी अस्पताल पहुँचाकर भर्ती कराया, जहाँ उन्हें समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। पुलिस ने बताया कि यह घटना डायल-112 सेवा की त्वरित सहायता और संवेदनशीलता का उदाहरण है, जो आपात स्थितियों में नागरिकों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहती है।
