बेलफास्ट, 28 मई (वार्ता) टॉम ब्लंडल (नाबाद 142) और रचिन रवींद्र (121) की शतकीय पारियों की मदद से न्यूजीलैंड ने एकमात्र टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय आयरलैंड के खिलाफ पांच विकेट पर 361 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय उसने 86 रन के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिये थे। कप्तान टॉम लेथम (शून्य), डेवन कॉन्वे (चार), केन विलियमसन (36) और डैरिल मिचेल (एक) रन बनाकर आउट हुये। ऐसे संकट के समय टॉम ब्लंडल ने रचिन रवींद्र के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवे विकेट लिये 217 रनों की साझेदारी हुई। 78वें ओवर में हैरी टेक्टर ने शतक बना चुके रचिन रवींद्र को आउटकर आयरलैंड को पांचवीं सफलता दिलाई। रचिन रवींद्र ने 194 गेंदों में 11 चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 121 रन बनाये।
पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय न्यूजीलैंड ने पांच विकेट पर 361 रन बना लिये थे। टॉम ब्लंडल (नाबाद 142) और डीन फ़ॉक्सक्रॉफ़्ट (नाबाद 38) रन क्रीज पर मौजूद थे। आयरलैंड के लिए मार्क ऐडेर ने तीन विकेट लिये। लियम मक्कार्थी और हैरी टेक्टर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
