
इंदौर। शहर में शनिवार रात से रविवार सुबह के बीच अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई। द्वारकापुरी में कर्ज से परेशान ड्राइवर ने घर में फांसी लगा ली, संयोगितागंज में बाइक डिवाइडर से टकराने से युवक की मौत हो गई, जबकि कनाड़िया में युवक का शव उसके कमरे में मिला। तीनों मामलों में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के विदुर नगर में 30 वर्षीय राज चंदेल ने शनिवार रात घर में फांसी लगाकर जान दे दी। राज पेशे से ड्राइवर था। प्रारंभिक जांच में उसके कर्ज में होने की जानकारी सामने आई है। परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राज को शराब पीने की आदत थी और घटना वाली रात भी उसके शराब पीने की बात सामने आई है। पुलिस फिलहाल कर्ज और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, आत्महत्या का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
इधर, संयोगितागंज थाना क्षेत्र में दवाई बाजार के पास शनिवार रात करीब दो बजे बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में पटेल नगर निवासी अंकुर जिंदल की मौत हो गई। पुलिसकर्मी अंकुर को मृत अवस्था में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, अंकुर शादीशुदा था और परिवार में उसके माता-पिता सहित अन्य सदस्य हैं। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है कि बाइक किस वजह से डिवाइडर से टकराई।
वहीं, कनाड़िया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह नीर कॉलोनी निवासी हर्ष रामपाल का शव उसके कमरे में मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर जांच शुरू की। रिश्तेदारों के अनुसार, हर्ष काफी समय से मानसिक तनाव में था। शनिवार रात उसकी प्रेमिका से कहासुनी होने की बात भी सामने आई है।
रिश्तेदारों ने पुलिस को बताया कि हर्ष की बहन अमेरिका में रहती है और वह भी उसके पास जाना चाहता था। इसके लिए वह अपना मकान बेचने की तैयारी कर रहा था। मकान बेचने के लिए बहन की एनओसी जरूरी थी, लेकिन बहन के इंदौर नहीं आ पाने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। हर्ष के पिता की 2018 में मौत हो चुकी थी, जबकि कोविड के दौरान उसकी मां की भी मौत हो गई थी। इसके बाद वह इंदौर में अकेला रह रहा था। पुलिस तीनों मामलों में अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है।
