बुदनी।ग्राम खैरी सिलगेना में अवैध सागौन कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग बुदनी की स्पेशल टीम ने वन माफिया के ठिकाने पर दबिश दी। मौके से लगभग 600 नग सागौन की सिल्लियां बरामद की गई हैं, जिनका बाजार मूल्य 8 लाख रुपये आंका जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई गोविंद पटेल के निवास स्थल पर की गई, जहां भारी मात्रा में सागौन की तैयार सिल्लियां छिपाकर रखी गई थीं. टीम ने लकड़ी को कब्जे में लेकर ट्रैक्टर और वाहनों की सहायता से जब्ती प्रक्रिया पूरी की.
वन विभाग की जानकारी के अनुसार, ग्राम खैरी सिलगेना और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध सागौन कटाई एवं इमारती लकड़ी के अवैध कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं. इसी आधार पर टीम ने गोपनीय सूचना के बाद अचानक दबिश दी.
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में कई दिनों से रात के समय संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं. आशंका जताई जा रही है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं. वन विभाग ने बरामद लकड़ी का पंचनामा तैयार कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
