सीहोर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में उत्कृष्ट कार्य करने पर जिले के दो बीएलओ भूरूलाल और गजराज सिंह को आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा द्वारा भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में शाल-श्रीफल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बालागुरू के. के नेतृत्व में चल रही एसआईआर प्रक्रिया में इन दोनों बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना पत्रक वितरित करने, संकलित करने और बीएलओ ऐप पर डिजिटलीकरण का कार्य दक्षता और बहुत ही कम समय में पूरा किया है. आष्टा विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ भूरूलाल और गजराज सिंह ने तेजी से डिजिटलीकरण का कार्य करते हुए प्रदर्शनकर्ताओं में स्थान बनाया. कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि ये उपलब्धियां तकनीक, जिम्मेदारी और टीमवर्क के उत्कृष्ट समन्वय का परिणाम हैं. इस उपलब्धि पर कलेक्टर बालागुरू के. ने दोनों बीएलओ को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्य की सराहना की और कहा कि ये अधिकारी अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं. इस अवसर पर उन्होंने सभी कर्मचारियों से सीएसआर प्रक्रिया को गंभीरता से करने के भी निर्देश दिए.
