विशेष संवाददाता भोपाल। गुजरात के एकता नगर में 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में मध्यप्रदेश पुलिस ने अनुशासन, समन्वय और व्यावसायिक दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में प्रदेश की ओर से हॉक फोर्स, सातवीं वाहिनी का पुलिस बैंड दल और सात बाइक राइडर्स ने सहभागिता की।
इस आयोजन के लिए हॉक फोर्स और पुलिस बैंड के कुल 304 जवानों ने 40 दिनों तक गहन अभ्यास किया। इनमें हॉक फोर्स के 195 और पुलिस बैंड के 109 जवान शामिल थे। जवानों के शानदार मार्चपास्ट और तालमेल की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई।
बालाघाट क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली हॉक फोर्स की 31 टुकड़ियां तैनात हैं। फोर्स ने अब तक 45 नक्सलियों को मार गिराया, 28 को गिरफ्तार किया और 19 को आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित किया है। नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष में फोर्स के 38 जवान शहीद हुए हैं।
वहीं, मध्यप्रदेश पुलिस के सात बाइक राइडर्स ने देशव्यापी नशामुक्ति जागरूकता मोटरसाइकिल रैली में 225 अन्य राइडर्स के साथ भाग लिया। यह रैली लगभग 14,165 किलोमीटर की दूरी तय कर रही है।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण, टीम भावना और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। आईपीएस अधिकारी नगेन्द्र सिंह ने तैयारियों और सहभागिता का समन्वय किया।
