गुजरात की पैकिंग खुली तो सामने आया बड़ा खेल, 350 किलो मिठाई जब्त

इंदौर: रक्षाबंधन पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई ने शहर के मिठाई बाजार में हलचल बढ़ा दी है। हवा बंगला रोड स्थित एक प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा टीम को गुजरात से आई कंपनी पैक मिठाई मिली, जिसे पैकेट से निकालकर नए रूप में तैयार कर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी. कार्रवाई के दौरान करीब 350 किलो मिठाई जब्त की गई. इसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है.

मामला ऋषि नगर, हवा बंगला रोड स्थित मां भुवनेश्वरी एंटरप्राइजेज का है. बुधवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने यहां जांच की. टीम के पहुंचने पर प्रतिष्ठान संचालक निलेश राठौर मौजूद थे. जांच के दौरान गुजरात की श्री गोविंद स्वीट्स की 10-10 किलो की कंपनी पैकिंग में मिठाई मिली. जांच में सामने आया कि कंपनी की पैकिंग में आई मिठाई को उसी रूप में बेचने के बजाय पैकेट खोलकर पेड़े के आकार में तैयार किया जा रहा था. इसके बाद इसे पारदर्शी डिब्बों में पैक कर बिक्री के लिए रखा जा रहा था. खाद्य विभाग के मुताबिक इन डिब्बों पर आवश्यक डिक्लेरेशन नहीं था. प्रारंभिक निरीक्षण में मिठाई में मिल्क सॉलिड के साथ वेजिटेबल फैट के इस्तेमाल की बात सामने आई है. हालांकि मिठाई खाद्य मानकों पर खरी उतरती है या नहीं, इसका अंतिम फैसला प्रयोगशाला जांच के बाद ही होगा. इसी वजह से विभाग ने मौके से मिठाई के चार नमूने लिए और करीब 350 किलो स्टॉक को रिपोर्ट आने तक जब्त कर दिया.

रक्षाबंधन से पहले कई जगह पहुंची टीम
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई सिर्फ एक प्रतिष्ठान तक सीमित नहीं रही. त्योहार के मद्देनजर टीम ने शहर के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से भी नमूने लिए. विजयनगर स्थित जैन नमकीन से अलग-अलग प्रकार के नमकीन के छह नमूने लिए गए. वहीं दिव्यराक कॉलोनी स्थित गोकुल प्रोडक्ट सप्लायर से मिठाई के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए. भगत सिंह नगर स्थित श्री कृष्णा दूध दही भंडार पर भी टीम पहुंची. यहां से मावा और मावा कतली के नमूने लिए गए। विभाग अब इन सभी नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है.

रिपोर्ट के बाद तय होगा मामला
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी के मुताबिक जब्त मिठाई और लिए गए सभी नमूनों को खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. रिपोर्ट में यदि खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों के विपरीत पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी. रक्षाबंधन से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने यह भी दिखा दिया है कि त्योहारों के दौरान बढ़ती मिठाई की मांग के बीच खाद्य कारोबारियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है. विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मिठाई, नमकीन, मावा, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच जारी रहेगी।

Next Post

उपाय से नहीं, उपासना से मिलते हैं भगवान शिव : संत केशव गिरी

Thu Aug 27 , 2026
सागर। सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े द्वारा आयोजित पांच दिवसीय शिव महापुराण कथा, असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्र महायज्ञ का रविवार को विधिवत विश्राम हुआ। संत केशव गिरी महाराज ने कहा कि उपाय करने से भगवान शायद न मिलें, लेकिन उपासना करने से भगवान शिव अवश्य मिल जाते […]

You May Like