दो बाइकों की टक्कर के बाद कंटेनर के नीचे आया नाबालिग, हुई मौत

इंदौर: बारिश के बीच फिसलन भरी सड़कों पर हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है. एबी रोड स्थित खलघाट हाईवे पर दो बाइकों की भिड़ंत के बाद एक 15 वर्षीय किशोर सड़क पर गिर पड़ा और पीछे से आ रहे कंटेनर की चपेट में आ गया. कंटेनर का पहिया सिर पर से गुजरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, शिप्रा क्षेत्र के डकाच्या में भी बारिश के दौरान कंटेनर की टक्कर से एक युवक की जान चली गई.

धामनोद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महेश पिता मोहनसिंह उम्र 15 साल अपनी बाइक पर दो साथियों को बैठाकर हाईवे किनारे जा रहा था. इसी दौरान एक अन्य बाइक सवार सड़क पार करने लगा. उसे बचाने के प्रयास में दोनों बाइकों की टक्कर हो गई. टक्कर के बाद महेश और उसके साथी सड़क पर गिर पड़े. तभी पीछे से आ रहे कंटेनर ने महेश को कुचल दिया. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथियों और दूसरे बाइक सवार को मामूली चोटें आई हैं.

हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली. इधर, शिप्रा क्षेत्र के डकाच्या में भी बारिश के दौरान एक कंटेनर की टक्कर से गणेश नामक युवक की मौत हो गई. वह बाइक से सर्विस रोड पर जा रहा था, तभी एक कंपनी से निकले कंटेनर ने उसे चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि दोनों हादसों के समय बारिश हो रही थी और सड़क पर पानी व फिसलन के कारण हालात और ज्यादा खतरनाक हो गए थे. दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है.

Next Post

मेहगांव थाना स्टाफ ने टीआई महेश शर्मा को दी भावभीनी विदाई

Mon Jul 6 , 2026
भिंड: थाना मेहगांव से थाना अटेर स्थानांतरण होने पर निरीक्षक महेश शर्मा के सम्मान में थाना परिसर में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवागत थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा सहित समस्त थाना स्टाफ ने निरीक्षक महेश शर्मा का पुष्पमाला एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया तथा उनके […]

You May Like