
ग्वालियर। बिलौआ क्षेत्र की प्रतिबंधित खदानों में अवैध उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। रविवार को कलेक्टर रुचिका चौहान और एसएसपी धर्मवीर सिंह ने अधिकारियों के साथ प्रतिबंधित खदानों का निरीक्षण कर स्पष्ट निर्देश दिए कि हाईकोर्ट के आदेशों का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि प्रतिबंधित खदानों से किसी भी प्रकार का उत्खनन या खनिज परिवहन नहीं होना चाहिए। इसके लिए लगातार निगरानी रखी जाए। प्रशासन ने बिलौआ क्षेत्र में 8 चेकिंग पॉइंट स्थापित किए हैं, जबकि अलग-अलग जांच दल भी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सी.बी. प्रसाद, एसडीएम जूही गर्ग, संयुक्त कलेक्टर भूमिजा सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर अनिल राघव, जिला खनिज अधिकारी पंकजध्वज मिश्रा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
