
ग्वालियर। लक्ष्मीगंज स्थित मेहराब साहब की तलैया में युवक पंकज सूर्यवंशी की डूबने से हुई मौत के बाद प्रदेश सरकार ने मृतक के परिजनों को चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह रविवार को मृतक के घर पहुंचे और परिवार को सहायता राशि सौंपते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
इसके बाद मंत्री ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर नगर निगम अधिकारियों को तलैया पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित दुर्घटना वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
