रीवा में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की जटिल एंजीयोंप्लास्टी कर बचायी गई जान

रीवा, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, रीवा के कार्डियोलॉजी विभाग में 86 वर्षीय सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर देवेन्द्र सिंह का ई.सी.एच.एस. के माध्यम से नि:शुल्क जटिल एंजियोप्लास्टी द्वारा सफलतापूर्वक उपचार किया गया है. बताया गया की ब्रिगेडियर देवेन्द्र सिंह रीवा में आयोजित सम्मेलन’ में सम्मिलित होने आए हुए थे, इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में अत्यधिक दर्द महसूस हुआ.

आपातकालीन परिस्थिति में उन्हें तत्काल सुपर स्पेशलिटी चिकित्सालय के कार्डियोलॉजी विभाग लाया गया जहा वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं प्रभारी विभागाध्यक्ष डॉ. एस.के. त्रिपाठी द्वारा विस्तृत जांच और ई.सी.जी. करने पर पाया गया कि मेजर हार्ट अटैक आया हुआ था. उन्हें तुरंत रक्त का थक्का घोलने का इंजेक्शन दिया गया, पर दर्द कम न होने के कारण तत्काल कैथलेब में शिफ्ट कर एंजियोग्रॉफी की गई. जांच में पता चला कि हृदय की प्रमुख धमनी में रक्त का थक्का मौजूद था और उसमें लगभग 99 प्रतिशत रूकावट थी. फिलहाल स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. एस.के. त्रिपाठी एवं उनकी टीम ने तत्काल एंजियोप्लास्टी करने का निर्णय लिया. अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए अवरुद्ध धमनी को सफलतापूर्वक खोला गया तथा स्टेंट प्रत्यारोपित कर हृदय में रक्त प्रवाह को सामान्य किया गया. फिलहाल प्रक्रिया के बाद ब्रिगेडियर की स्थिति स्थिर है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं.

डॉ. एस.के. त्रिपाठी ने कहा की ब्रिगेडियर देवेन्द्र सिंह जैसे सैनिकों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय देश की सेवा और सुरक्षा के लिए समर्पित किया है. ऐसे वीर सैनिकों को समय पर उच्च स्तरीय चिकित्सा उपलब्ध कराना हमारे लिए केवल चिकित्सकीय दायित्व ही नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है.

Next Post

जुआ फड़ मे पुलिस की दबिश, तीन गिरफ्तार

Mon Jun 8 , 2026
रीवा। शहर की सिटी कोतवाली पुलिस ने जुआ फड़ में छापेमार कार्रवाई करते हुए फड़ संचालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.पुलिस ने जुआरियों के पास से ताश के 52 पत्ते सहित 10 हजार की नगदी भी बारामद की है, वही कार्रवाई के दौरान कई अन्य जुआरी मौके से […]

You May Like