हैदराबाद में 16 से 28 जून तक खेली जायेगी रग्बी प्रीमियर लीग

नयी दिल्ली, 06 अप्रैल (वार्ता) हैदराबाद में 16 से 28 जून तक रग्बी प्रीमियर लीग (आरपीएल) के दूसरे संस्करण का आयोजन किया जायेगा।

आज जीएमआर स्पोर्ट्स ने, इस खेल की राष्ट्रीय गवर्निंग बॉडी, रग्बी इंडिया के साथ साझेदारी में घोषणा करते हुए कहा कि रग्बी प्रीमियर लीग (आरपीएल) का दूसरा संस्करण 16 से 28 जून तक हैदराबाद के गचीबोवली स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। रग्बी प्रीमियर लीग के इस सत्र में तेज-तर्रार रग्बी 7एस प्रारुप में वापस आ रही है। दूसरे एडिशन में पहले एडिशन की छह फ्रैंचाइजियां शामिल होंगी।

इस अवसर पर हैदराबाद में लीग का स्वागत करते हुए तेलंगाना सरकार के (युवा उन्नति, पर्यटन और संस्कृति और खेल विभाग) के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन ने कहा: “एक वैश्विक खेल डेस्टिनेशन के रूप में हैदराबाद का उभरना तेलंगाना के लंबे समय के नीतिगत विज़न और अंतर्राष्ट्रीय साझेदारियों के लिए संस्थागत समर्थन को दर्शाता है। रग्बी प्रीमियर लीग जैसे आयोजन पर्यटन, शहरी दृश्यता और राज्य की व्यापक खेल अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।”

इस भावना को दोहराते हुए और लीग के निरंतर विकास की रूपरेखा बताते हुए, रग्बी इंडिया के अध्यक्ष श्री राहुल बोस ने कहा: “जीवन में कोई भी काम करते समय, हमेशा बेहतर करने, बेहतर बनने और बेहतर देने की चाहत होती है। यही आरपीएल की आधारशिला बनी रहेगी।”

 

Next Post

भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर पार्टी अध्यक्ष, प्रधानमंत्री और नेताओं ने दोहराया 'राष्ट्र प्रथम' का संकल्प

Mon Apr 6 , 2026
नयी दिल्ली, 06 अप्रैल (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ-साथ कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को दोहराया। श्री […]

You May Like