
इटारसी। तवानगर में पांच माह पूर्व हुए सांभर शिकार प्रकरण में वन विभाग की विशेष टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मामले में शामिल एक आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य तीन आरोपी अब भी फरार हैं।
क्या है मामला
21 मई को भोपाल से तवा रिसॉर्ट पहुंचे चार युवक रात भर ठहरने के बाद शिकार की तलाश में जंगल की ओर निकले थे। इस दौरान इटारसी रोड स्थित जंगल में उन्हें सांभर दिखाई दिया, जिस पर फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। शिकारी सांभर को साथ ले जा ही रहे थे कि तभी सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शिकारी भागने लगे और रोकने पर उन्होंने वनकर्मियों पर हवाई फायर भी किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की, लेकिन आरोपी चकमा देकर भाग निकले। लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिलने पर जांच वन विभाग की स्पेशल टास्क फोर्स को सौंपी गई।
लगातार खोजबीन के बाद STF को आरोपियों के बारे में पुख्ता जानकारी मिली और पिछले एक सप्ताह से भोपाल में डेरा डाले दल ने स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी सैयद तौकीर हसन निवासी भोपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पूछताछ के लिए इटारसी लाया गया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
