जबलपुर: भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के सर्वर ठप्प होने से उपभोक्ताओं के सामने परेशानियां खड़ी हो गईं हैं। खबर है कि विगत 1 दिसंबर से ठप्प पड़े बीएसएनएल का सर्वर अभी 10 दिसंबर तक ऐसी ही स्थिति से गुजरेगा। उधर बीएसएनएल के उपभोक्ताओं के सामने सिम पोर्ट कराने सहित अन्य समस्याएं खड़ी हो गई हैं।
तहसीली चौक स्थित बीएसएनएल के महाप्रबंधक कार्यालय परिसर स्थित उपभोक्ता सेवा केंद्र में स्टाफ द्वारा एक लैटर चस्पा किया गया है.
जिसमें लिखा है कि तकनीकी कारणों के चलते 1 दिसंबर से ठप्प पड़ा सर्वर 10 दिसंबर तक डाउन रहेगा। इस संबंध में बीएसएनएल के उपभोक्ताओं ने बताया कि वे अपने कई काम, जैसे नया कनेक्शन लेना, सिम पोर्ट कराना, सिम बंद कराना, इंटरनेट कनेक्शन लेने संबंधित कार्य के लिए भटकने मजबूर हो रहे हैं। बीएसएनएल के महाप्रबंधक कार्यालय परिसर स्थित उपभोक्ता सेवा केंद्र के स्टाफ द्वारा उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया जा रहा है कि 10 दिसंबर के बाद सर्वर ठीक हो जाएगा।
