मक्सी : मक्सी रेलवे क्षेत्र के छोटी फाटक अंडरब्रिज के ऊपर सोमवार शाम मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके चलते जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शाजापुर जिला अस्पताल भिजवाया था। मंगलवार सुबह मृतक की पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।जीआरपी चौकी मक्सी के प्रधान आरक्षक प्रताप सिंह देवड़ा ने बताया कि मृतक की पहचान रतलाम जिले के रावटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उमर निवासी सुरपाल पिता कांची के रूप में हुई है।
घटना के समय उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला था, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।जानकारी के अनुसार सुरपाल करीब पांच दिन पहले नरसिंहगढ़ क्षेत्र में रेलवे पटरी के किनारे चल रहे कार्य में मजदूरी करने गया था। उसका पुत्र भी वहीं कार्य कर रहा था। सोमवार को वह घर जाने की बात कहकर नरसिंहगढ़ से निकला था। बताया जाता है कि वह बस से मक्सी पहुंचा और रेलवे ट्रैक के रास्ते स्टेशन की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने जीआरपी चौकी को मेमो भेजकर जानकारी दी। इसके बाद जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को जिला अस्पताल शाजापुर भिजवाया।
टूटे-फूटे मोबाइल से मिली पहचान
मृतक की पहचान उसके पास मिले टूटे-फूटे मोबाइल के जरिए हो सकी। पुलिस ने मोबाइल में उपलब्ध संपर्क नंबरों के आधार पर परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद युवक की शिनाख्त हुई। परिजनों के शाजापुर पहुंचने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण कर शव उन्हें सौंप दिया गया।
जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक के मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत होने की बात सामने आई है।
