पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु में चुनाव आयोग की कार्यवाही में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक जब्ती

नई दिल्ली 22 अप्रैल (वार्ता) चुनाव आयोग ने बुधवार को बताया कि इस समय चल रहे विधानसभा चुनाव और उपचुनाव को धन और प्रलोभन से मुक्त रखने के लिए छापे और जब्ती की कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मंगलवार को 1072 करोड रुपए से अधिक की नकदी, महंगी धातुएं, शराब, मादक द्रव्य तथा उपहार के सामान जब्त किए गए हैं। आयोग ने एक विज्ञप्ति में बताया कि 15 मार्च को चुनाव की घोषणा के साथ सभी संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई थी। उसके बाद चुनाव को निष्पक्ष और धन तथा भय से मुक्त एवं पारदर्शी रखने के लिए सतर्कता और परावर्तन की कार्रवाई जारी है।
इस दौरान पश्चिम बंगाल में 27.48 करोड रुपए नकदी, 102.45 करोड रुपए की 39.31 लाख लीटर शराब, 108.11 करोड रुपए के ड्रग्स 55.88 करोड रुपए की कीमती धातुएं तथा 178.83 करोड़ रुपए मूल्य की उपहार की वस्तुएं जब्त की गई हैं। राज्य में अब तक कुल 472.89 करोड़ रुपए की नकदी, शराब और कीमती वस्तुओं की जब्ती की गयी है।

इसी तरह तमिलनाडु में 100.19 करोड रुपए की नकदी, 3.85 करोड रुपए की 1.18 लाख लीटर शराब, 76.72 करोड रुपए के ड्रग्स, 159.31 करोड रुपए के कीमती धातुएं और 259.14 करोड रुपए के उपहार के सामान जप्त किए गए हैं। राज्य में कुल जब्त नकदी, शराब और सामान की कीमत 599.4 करोड रुपए आंकी गयी है।
चुनाव आयोग ने राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों और पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारियों को चुनाव को प्रलोभन से मुक्त रखने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दे रखे हैं। आयोग की ओर से पश्चिम बंगाल में 2728 और तमिलनाडु में 2283 उडन दस्ता में तैनात की गई है ताकि किसी भी शिकायत पर 100 मिनट के अंदर कार्यवाही शुरू की जा सके। इसी तरह इन दोनों राज्यों में 5363 सतर्कता केंद्र स्थापित किए गए हैं जिनमें से 3142 पश्चिम बंगाल में और 2221 तमिलनाडु में है। इसके अलावा अकस्मात जांच पड़ताल के लिए नाकेबंदी की कार्यवाइयां भी की जा रही हैं ।

Next Post

संजय झा बने रहेंगे जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, चंदेश्वर प्रसाद बने उपाध्यक्ष

Wed Apr 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (वार्ता) सांसद संजय झा जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी अध्यक्ष बने रहेंगे। जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने श्री चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। जदयू की बुधवार को यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार […]

You May Like