भोपाल: नगर निगम ने विज्ञापन शुल्क की बकाया वसूली की बड़ी कार्रवाई की है. यह कार्रवाई विज्ञापन एैजेंसी मेसर्स ग्रेसफुल इंडिया पर की गई है. एजेंसी पर निगम के 28.54 लाख रुपए की बकाया राशि थी. जिसे जमा करने के लिए निगम की होर्डिंग शाखा ने नोटिस जारी किए थे. उसके बाद भी संबंधित एजेंसी ने वह राशि जमा नहीं की. जिसके चलते नगर निगम ने मेसर्स ग्रेसफुल इंडिया की बैंक गारंटी जब्त कर राजसात कर लिया है. उसके साथ ही एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करते हुए अयोध्या बायपास रोड पर आवंटित पांचों यूनीपोल हटाकर जब्त किए गए. निगम का कहना है कि शहर में विज्ञापन स्थलों से जुड़े राजस्व की वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
निविदा के जरिए मिला था. यूनीपोल का अधिकार
नगर निगम की होर्डिंग शाखा ने निविदा प्रक्रिया के तहत विभिन्न एजेंसियों को यूनीपोल पर विज्ञापन प्रदर्शित करने का अधिकार दिया था. ग्रेसफुल इंडिया को अयोध्या बायपास रोड पर पांच यूनीपोल आवंटित किए गए थे. एजेंसी को तय समय में विज्ञापन शुल्क जमा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया.
