
सीधी।
जिले के बहरी थाना क्षेत्रांतर्गत नेशनल हाईवे क्रमांक 39 में ग्राम चंदवाही के पास आज एक डीज़ल टैंकर का पिछला टायर फटते ही आग लग गई। पीछे के सभी टायरों में आग लगते ही टैंकर करीब आधे घंटे तक आग की लपटों में घिरा रहा। सूचना मिलते ही बहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और बड़े हादसे की संभावना के चलते वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। सूचना पाकर आधे घंटे में फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचा जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीजल टैंकर के टायर फटने की आवाज के बाद आग की लपटें तेजी से उठीं और तेज धूप के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक नजर आया। जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बहरी पुलिस जल्द मौके पर पहुंच गई और सडक़ की घेराबंदी कर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। करीब आधे घंटे में फायर ब्रिगेड के आने पर आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान लोगों को इस बात का खौफ था कि कहीं डीजल से भरे टैंकर में विस्फोट न हो जाए। घटना के वक्त टैंकर डीजल लेकर सिंगरौली जा रहा था।
भीषण गर्मी बनी हादसे की वजह
वर्तमान में सीधी जिले में भीषण गर्मी का कहर जारी है, जिससे ज्वलनशील पदार्थों में आग लगने की आशंका और भी बढ़ जाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि अत्यधिक तापमान के चलते टैंकर का पिछला टायर फटा और आग भडक़ उठी।गनीमत रही कि हादसे में अभी कोई हताहत नहीं हुआ।
डीजल टैंकर में आग लगने की घटना आज सुबह करीब 10 बजे सामने आई। पुलिस फायर ब्रिगेड को सूचना देकर तत्काल मौके पर पहुंची। आग की लपटों से घिरे टैंकर से कोई बड़ा हादसा न हो इसको लेकर आवागवन तत्काल मौके पर रोका गया।
इनका कहना है
फायर ब्रिगेड के आने पर आग पर काबू पाया जा सका। करीब आधे घंटे में आग बुझ गई थी।
राकेश बैस, टीआई बहरी थाना
